नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं उत्तर प्रदेश की महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नीलम यादव समेत राज्य से जुड़े कुछ नेता बृहस्पतिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
उन्होंने कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कुछ दिनों पहले ही आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ भी कांग्रेस में शामिल हुई थीं।
इस मौके पर गौतम ने संवाददाताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘कुशासन’’ से तंग आकर रोजाना अनेक लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज कांग्रेस ही अकेली ऐसी पार्टी है, जो राहुल गांधी जी के नेतृत्व में पूरे ‘इंडिया’ गठबंधन को साथ लेकर देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।’’
गौतम ने बताया कि इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश से आप की पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नीलम यादव कांग्रेस में शामिल हुई हैं।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से संबंध रखने वाले राजनीतिक कार्यकर्ता परमानंद गर्ग और भारत सरकार में अधिकारी रह चुके दुर्गा प्रसाद भी अपने कई साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस की नीतियों तथा राहुल गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।


