चिराग पासवान ने पिता रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

चिराग पासवान ने पिता रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर भावुक श्रद्धांजलि दी। कई नेताओं ने भी उनके सामाजिक न्याय, जनसेवा और बिहार के विकास में योगदान को याद किया।

News Aroma
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने पिता और पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर बृहस्पतिवार को उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पार्टी में उनकी भूमिका संभालने के बाद अब उन्हें एहसास होता है कि उनके पिता ने कितनी बड़ी जिम्मेदारी निभाई थीं।
चिराग पासवान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने बचपन की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपनी बड़ी बहन के साथ पिता से गले मिलते नजर आ रहे हैं।

उन्होंने लिखा, ‘‘पापा जी, आज इस भूमिका में आने के बाद मुझे समझ आता है कि आपने पार्टी, परिवार और लाखों लोगों की उम्मीदों की कितनी बड़ी जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बावजूद आपके पास दीदी और मेरे लिए हमेशा समय होता था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘काश, मैं एक बार फिर आपको गले लगा पाता। आपकी बहुत याद आती है, पापा जी।’’
प्रमुख दलित नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का आठ अक्टूबर, 2020 को नयी दिल्ली में 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उन्होंने 2000 में लोक जनशक्ति पार्टी की स्थापना की थी और वह इसके संस्थापक अध्यक्ष थे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार तथा बिहार, उत्तर प्रदेश और असम के मुख्यमंत्रियों समेत कई अन्य नेताओं ने भी रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि दी।
नवीन ने पासवान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वंचितों, शोषितों और पिछड़े वर्गों के हितों के लिए अथक संघर्ष किया तथा सामाजिक न्याय और राष्ट्र के कल्याण के लिए खुद को समर्पित कर दिया।
नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और बिहार एवं भारत के विकास में उनका योगदान हमेशा हमारी स्मृतियों में अंकित रहेगा।’’
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को ‘‘बिहार का महान सपूत’’ बताते हुए उनकी पुण्यतिथि पर ‘‘शत-शत नमन’’ किया।

चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पासवान ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष से पांच जुलाई को पासवान की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी।
चौधरी ने कहा कि यह ‘‘बिहार की माटी के महान सपूत’’ के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति होगी।
नीतीश कुमार ने भी पासवान को श्रद्धांजलि देते हुए समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद किया।

कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहे आदरणीय नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पासवान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए अथक संघर्ष किया।
आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।’’
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कई अन्य नेताओं ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी।

Share This Article