रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन पंचतत्व में विलीन हो गईं। गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में पूरे राजकीय सम्मान और गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे हेमंत सोरेन ने मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान वह भावुक होकर फफक पड़े। अंतिम संस्कार में सोरेन परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव नेमरा लाया गया था। इसके बाद करीब 3:20 बजे गांव के पास नदी किनारे स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसी श्मशान घाट में करीब एक साल पहले हेमंत सोरेन के पिता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का भी अंतिम संस्कार हुआ था।

लंबे समय से बीमार थीं रूपी सोरेन
रूपी सोरेन लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने बुधवार रात करीब 7:30 बजे रांची के हिल व्यू अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को निकली उनकी अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी नेमरा पहुंचे और उन्हें अंतिम विदाई दी।
एक साल में सोरेन परिवार को दूसरा बड़ा झटका
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार को करीब एक साल के भीतर दूसरा बड़ा व्यक्तिगत झटका लगा है। पिछले वर्ष शिबू सोरेन के निधन के बाद अब रूपी सोरेन के जाने से परिवार में शोक का माहौल है। नेमरा में मां को अंतिम विदाई देते समय हेमंत सोरेन भावुक नजर आए।


