रांची: उषा मार्टिन कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी प्रबंधन और मान्यता प्राप्त मजदूर यूनियनों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद बोनस समझौता हो गया है। इस समझौते के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारियों को 29,100 रुपये बोनस के रूप में दिए जाएंगे।

इस बोनस समझौते में प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ मान्यता प्राप्त संगठन ‘इंजीनियरिंग मजदूर सभा’, ‘उषा बेल्ट्रान वर्कर्स यूनियन’ और ‘उषा इस्माइल इंजीनियरिंग मजदूर सभा’ के प्रतिनिधि शामिल हुए। समझौते के बाद मजदूर यूनियन के अध्यक्ष पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि आज की कड़ी प्रतिस्पर्धा के दौर में भी प्रबंधन ने मजदूर हित को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने सभी कामगारों से एकजुट होकर कारखाने के विकास, उत्पादन, गुणवत्ता और औद्योगिक प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया ताकि कंपनी को शीर्ष पर पहुंचाया जा सके।
वहीं, कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एसबीएन शर्मा ने इस बोनस समझौते पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब सभी कामगारों को कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहिए। वार्ता के दौरान प्रबंधन की ओर से एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एसबीएन शर्मा, एचआर हेड एनएन झा और थॉमस वर्गीज सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा यूनियन की ओर से कार्यकारी अध्यक्ष आरके मिश्रा, महामंत्री दशरथ महतो, कोषाध्यक्ष विगना महतो, कार्यकारी अध्यक्ष विश्वकर्मा महतो, महामंत्री बादल बूतकुमार और विष्णु महतो सहित कई अन्य प्रतिनिधि व नेता मौजूद रहे।


