नई दिल्ली: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा और सामाजिक कार्यकर्ताओं योगेंद्र यादव एवं प्रशांत भूषण समेत कई लोगों को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान शनिवार को दिल्ली में आईएनए मार्केट के पास हिरासत में ले लिया गया। आइसा के कई सदस्यों के साथ मिलकर ये कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारे लगाते हुए सफदरजंग फ्लाईओवर की ओर मार्च कर रहे थे, तभी दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

भाकपा (माले) लिबरेशन के नेता बालाजी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को अलग-अलग वाहनों में ले जाया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के खिलाफ प्रदर्शन के कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के आह्वान के मद्देनजर नयी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच इन लोगों को हिरासत में लिया गया। नयी दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कें बंद कर दी गई हैं। इसके अलावा दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन और दो प्रमुख रेलवे स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं।


