त्योहारों से पहले रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कावेरी में कॉकरोच तो कुप्पूस्वामी में मिला स्टार्च वाला पनीर

रांची में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में मिलावटी पनीर, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स, खराब मिठाइयां और कृत्रिम रंग मिले। अधिकारियों ने दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कर दुकानदारों को नोटिस जारी किए।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आगामी त्योहारों को देखते हुए राजधानी रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए सख्त जांच अभियान चलाया है। इस विशेष अभियान के तहत विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और स्ट्रीट फूड वेंडरों के ठिकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कांके रोड स्थित प्रसिद्ध खाद्य प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमतताएं और गंदगी पाई गई, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संचालकों को नोटिस जारी करते हुए दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब कांके रोड स्थित कुप्पूस्वामी रेस्टोरेंट के निरीक्षण के लिए पहुंची, तो वहां रसोई घर (किचन) में भारी गंदगी देखने को मिली। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में इस्तेमाल किए जा रहे पनीर में स्टार्च की मिलावट की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 15 किलोग्राम मिलावटी पनीर और 20 बोतल एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं, दूसरी ओर कांके रोड चांदनी चौक के पास स्थित कावेरी रेस्टोरेंट और मिठाई प्रतिष्ठान की जांच में परिसर के भीतर कॉकरोच रेंगते हुए पाए गए। इसके अलावा दुकान में बिक्री के लिए रखी गई कई मिठाइयां अपनी एक्सपायरी अवधि (बिक्री की तय समय सीमा) पार कर चुकी थीं। टीम ने इन खराब मिठाइयों को तुरंत नष्ट कराया और दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस थमा दिया।

जांच अभियान केवल बड़े रेस्टोरेंट तक ही सीमित नहीं रहा। टीम ने ऑक्सीजन पार्क के आसपास ठेला-खोमचा, चाट, पिज्जा, सॉस और केक बेचने वाली दुकानों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग की ‘चलंत खाद्य जांच प्रयोगशाला वाहन’ (MFTL Van) के जरिए मौके पर ही खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि विक्रेताओं द्वारा छोले में हानिकारक कृत्रिम रंग मिलाया जा रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने लगभग 10 किलोग्राम मिलावटी छोले को नष्ट करा दिया।

कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार और पवन कुमार ने सभी दुकानदारों और वेंडरों को कड़े निर्देश दिए हैं कि खाद्य सामग्री को हमेशा ढककर रखें और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने व परोसने वाले कर्मचारी दस्ताने, एप्रन और टोपी पहनें तथा किसी भी परिस्थिति में खाद्य सामग्री को अखबार में लपेटकर या उस पर रखकर न बेचें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।