रामगढ़ : रामगढ़ के कोठार ओवरब्रिज के पास बीती रात सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग इतनी फैल गई कि पूरा ट्रक आग की लपटों से घिर गया। धुआं और लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इस दौरान ट्रक के चालक और उपचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण और नुकसान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हालांकि, दमकल वाहन को चट्टी बाजार में भारी जाम का सामना करना पड़ा। दुर्गा पूजा के दौरान बाजार में भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। इस घटना ने शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखना जरूरी है।


