दम तोड़ते-तोड़ते फिर दम भरने लगा कोरोना

News Aroma Media
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में जीत हाथ से फिसलती दिख रही है। देश में फरवरी महीने के दौरान दम तोड़ता दिख रहा कोरोना एक बार फिर हुंकार भरने लगा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गुरुवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटों में कोरोना के 22 हजार 854 नए मामले मिले।

यह संख्या इस साल एक दिन में मिले कोरोना संक्रमितों की सर्वाधिक संख्या है। देश में 76 दिन बाद इतने अधिक नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले 25 दिसंबर को एक दिन में 23,067 नए मामले सामने आए थे।

24 घंटों में 126 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,58,189 हो गई है।

इस दौरान कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,12,85,561 हो गई। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 126 लोगों की मौत हुई उनमें से 67 फीसदी से अधिक मौतें केवल तीन राज्यों में हुई हैं।

देश में अभी 1,89,226 लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.68 प्रतिशत है।

कुल 1,09,38,146 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.92 प्रतिशत हो गई है। महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु से लगातार कोविड-19 के ज्यादा मामले आ रहे हैं।

24 घंटों में देश में सामने आए कुल मामलों में इन छह राज्यों की हिस्सेदारी 85.91 प्रतिशत रही। महाराष्ट्र में कुल नए मामलों के करीब 60 प्रतिशत संक्रमित मिले। यहां कोरोना के 13 हजार 659 नए मामले दर्ज किए गए।

आठ राज्यों महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में नए मामलों में वृद्धि हो रही है। देश में 24 घंटों के दौरान 19 प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है।

इनमें गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, असम, ओडिशा, गोवा, झारखंड, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, सिक्किम, लद्दाख, मणिपुर, दमन एवं दीव और दादर एवं नगर हवेली, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में अभी तक 22,42,58,293 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। इनमें से 7,78,416 नमूनों की जांच बुधवार को की गई थी।

Share This Article