रांची: डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में गुरुवार को डांडिया कार्यक्रम के दौरान अचानक हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि डांस कर रही कुछ छात्राओं के साथ युवकों ने बदतमीजी और छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद छात्राओं ने विरोध जताया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। छात्राओं के विरोध को देखते हुए मौके पर मौजूद अन्य छात्र भी उनके समर्थन में उतर आए। इसके बाद विरोध बढ़ने लगा और कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

हालात बिगड़ते देख विश्वविद्यालय के छात्रों ने पहल की और किसी तरह मामले को शांत कराया। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर लालपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि डांडिया कार्यक्रम के दौरान हंगामे की सूचना मिली थी। हालांकि, कुछ ही देर में मामला शांत हो गया था।


