राहुल का तंज: रुबियो ने ‘अपने कर्मचारी’ को मुबंई तलब किया

मार्को रुबियो की भारत यात्रा से पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। विदेश मंत्रालय की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने सरकार से स्पष्टीकरण मांगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और दावा किया कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि क्या हो रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तंज कसते हुए यह भी कहा, ‘‘रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई तलब किया है।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि क्या हो रहा है।’’

गांधी ने कटाक्ष करते हुए यह कहा, ‘‘आप (मोदी) शायद समझाना चाहेंगे। बेशक, अगर आप चाहते हैं कि मैं समझाऊं तो बात अलग है।’’ राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो भारत की यात्रा करने वाले हैं और उनके मुंबई में विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है। इससे एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी रुबियो की यात्रा को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने सवाल किया था कि भारत में विदेश मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी विदेश मंत्रालय के बजाय अमेरिकी राजदूत की ओर से क्यों दी जा रही है।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो अपनी मुंबई यात्रा के दौरान भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और अमेरिका को उम्मीद है कि जयशंकर भी वहां मौजूद रहेंगे। इस टिप्पणी पर रमेश ने विदेश मंत्रालय की चुप्पी पर सवाल उठाया था। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान और भारत की यात्रा पर रहेंगे। वह उज्बेकिस्तान के समरकंद में ‘सी5+1’ मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के बाद भारत आएंगे और मुंबई तथा गुजरात के जामनगर जाएंगे। रुबियो की इस साल यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह मई में भारत आए थे और नयी दिल्ली में जयशंकर की मेजबानी में आयोजित क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।