राज्य के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पुलिसकर्मियों को मिलने वाली सहायता राशि में भारी बढ़ोतरी, देखें कितना मिलेगा लाभ

झारखंड सरकार ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पुलिसकर्मियों की चिकित्सा सहायता राशि बढ़ाई। कैंसर, किडनी प्रत्यारोपण, हार्ट सर्जरी और गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी आर्थिक मदद।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पुलिसकर्मियों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए बीमारी की स्थिति में मिलने वाली सहायता राशि में भारी बढ़ोतरी की है। पुलिस मुख्यालय ने उच्चस्तरीय प्रबंधन समिति की बैठक के बाद इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। जिसके तहत पुलिस सहायता एवं कल्याण कोष तथा चतुर्थवर्गीय कर्मचारी कल्याण कोष से मिलने वाली चिकित्सा सहायता राशि में संशोधन किया गया है। नए प्रावधानों के तहत गंभीर बीमारियों को नए सिरे से वर्गीकृत करते हुए सहायता राशि के आंकड़े तय किए गए हैं।

इसके अनुसार, कैंसर से जुड़ी कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के मामलों में दो से पांच लाख रुपये, महत्वपूर्ण अंगों की सर्जरी के लिए दो से चार लाख रुपये और सामान्य अंगों की सर्जरी के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये तक की मदद मिलेगी। वहीं, गुर्दे (किडनी) प्रत्यारोपण के लिए एक से सात लाख रुपये, रीनल फेलियर पर 45 हजार से एक लाख रुपये और डायलिसिस के साथ रीनल फेलियर की स्थिति में 50 हजार से दो लाख रुपये देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा लीवर प्रत्यारोपण के लिए एक से सात लाख रुपये, पित्ताशय व अग्न्याशय की सर्जरी के लिए 20 हजार से 50 हजार रुपये, लीवर सिरोसिस के लिए 30 हजार से एक लाख रुपये और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों में 10 हजार से 50 हजार रुपये तक की सहायता मिलेगी।

हृदय रोग के मामलों में हार्ट सर्जरी, वाल्व सर्जरी व एंजियोप्लास्टी के लिए दो से तीन लाख रुपये, पेसमेकर के लिए 60 हजार से 1.50 लाख रुपये, जबकि मायोकार्डियल इंफार्क्शन के लिए 50 हजार रुपये तय किए गए हैं। मस्तिष्क रोग से जुड़ी ट्यूमर या सिस्ट सर्जरी के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये, दुर्घटना में ब्रेन सर्जरी के लिए 20 हजार से दो लाख रुपये और सीवीए के मामलों में 50 हजार से दो लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता पुलिसकर्मियों को प्रदान की जाएगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।