रांची: रेलवे में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने देश भर में स्टेशन मास्टर के करीब 1,250 पदों पर बहाली के लिए इंडिकेटिव नोटिस जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन 27 अक्टूबर से शुरू होंगे, जो 25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक चलेंगे। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in के माध्यम से अपना आवेदन कर सकते हैं।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन के दौरान आधार कार्ड के जरिए अपने प्राथमिक विवरण का सत्यापन जरूर कर लें, ताकि दस्तावेज जांच के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए आधार में नाम और जन्मतिथि का 10वीं के प्रमाणपत्र से पूरी तरह मेल खाना अनिवार्य है, साथ ही आधार में नवीनतम फोटो और बायोमेट्रिक्स भी अपडेट होने चाहिए। स्टेशन मास्टर का यह पद 7वें वेतन आयोग के लेवल-6 के तहत आता है। भर्ती से जुड़े विस्तृत नियम, पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तें आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले विस्तृत नोटिफिकेशन के अनुसार मान्य होंगी। इसके अलावा, रेलवे ने अभ्यर्थियों को दलालों और ठगों से सावधान रहने की भी अपील की है।


