जमशेदपुर: बिरसानगर जोन नंबर-5 में तार कंपनी टेल्को जाने वाले मुख्य रास्ते पर गेट लगाए जाने को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बस्तीवासियों का कहना था कि यह रास्ता वर्षों पुराना है और इलाके के लोगों के आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में यहां गेट लगाए जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बस्ती के समाजसेवी रवि सिंह चंदेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर पहुंचे। लोगों ने कंपनी के फैसले के खिलाफ नाराजगी जताई और वहां काम कर रहे मजदूरों को रास्ता रोककर काम का विरोध किया।

बस्तीवासियों ने स्पष्ट किया कि रास्ता बंद होने या वहां गेट लगाए जाने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित होगी। उन्होंने इस फैसले को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। विरोध के दौरान रवि सिंह चंदेल ने कंपनी प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में वहां गेट नहीं लगाया जाना चाहिए। बढ़ते विरोध को देखते हुए आखिरकार टाटा कंपनी प्रबंधन को पीछे हटना पड़ा। रवि सिंह चंदेल के अनुसार, चहारदीवारी समेत अन्य निर्माण कार्यों को लेकर आगे की रणनीति बस्तीवासियों की समिति बनाकर और सभी की सहमति से तय की जाएगी। फिलहाल, संबंधित स्थान पर गेट लगाने का फैसला टाल दिया गया है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने एकजुट होकर कहा कि बस्ती के हितों और लोगों की आवाजाही से समझौता नहीं किया जाएगा।


