जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के सभी 11 पदाधिकारी 28 अक्टूबर को औद्योगिक दौरे के लिए मुंबई रवाना होंगे। सभी पदाधिकारी 28 अक्टूबर की सुबह रांची से हवाई मार्ग के जरिए मुंबई पहुंचेंगे। टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से आयोजित इस औद्योगिक दौरे के दौरान यूनियन के पदाधिकारी मुंबई के खपोली स्थित टाटा स्टील प्लांट के साथ-साथ अलीबाग स्थित अन्य कंपनियों का भी भ्रमण करेंगे। इस दौरान औद्योगिक गतिविधियों, कार्यप्रणाली और प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।

यूनियन के सभी पदाधिकारी पहली बार एक साथ दौरे पर
मौजूदा कार्यकाल में यह पहला अवसर है, जब टाटा वर्कर्स यूनियन के सभी 11 पदाधिकारी एक साथ औद्योगिक दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरे को यूनियन के पदाधिकारियों के लिए औद्योगिक प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली को करीब से समझने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। कार्यक्रम के अनुसार, सभी पदाधिकारी 31 अक्टूबर की रात जमशेदपुर लौट आएंगे।


