रांची: राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में शुमार कांटाटोली चौक पर यातायात सुरक्षा और नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस की ओर से आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आर्चरी मस्कट ‘प्रताप’ रहा, जिसके जरिए राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने दोपहिया वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। पुलिसकर्मियों ने लोगों को सफर के दौरान हमेशा हेलमेट पहनने, तय दिशा में वाहन चलाने, ट्रैफिक सिग्नलों व सड़क चिह्नों का सम्मान करने तथा ड्राइविंग के समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करने की हिदायत दी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से खास तौर पर अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि नियमों का पालन करने से न केवल सड़क हादसों में कमी आती है, बल्कि अनमोल मानव जीवन की रक्षा भी सुनिश्चित होती है। इस दौरान मस्कट ‘प्रताप’ ने अनूठे अंदाज में लोगों को जागरूक करते हुए एक स्पष्ट संदेश दिया-सुरक्षित चलें, सतर्क रहें। हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाएं।


