सरायकेला-खरसावां: गम्हरिया और आदित्यपुर लैम्पस से ऋण लेने के बाद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले करीब 650 ऋणधारकों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। दोनों लैम्पस पर कुल ₹4.50 करोड़ की बकाया राशि है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है।

दो सप्ताह में जमा करना होगा बकाया
सहकारिता विभाग की ओर से बकायेदारों को ऋण चुकाने के लिए दो सप्ताह का समय देने की तैयारी है। इस अवधि में गम्हरिया लैम्पस की बकाया राशि बैंक ऑफ इंडिया की आसंगी शाखा या पंजाब नेशनल बैंक की आदित्यपुर शाखा में जमा की जा सकती है।
गम्हरिया पर ₹2 करोड़, आदित्यपुर पर ₹2.50 करोड़ बकाया
उपलब्ध जानकारी के अनुसार गम्हरिया लैम्पस के लगभग 200 ऋणधारकों पर ₹2 करोड़ बकाया है वहीं, आदित्यपुर लैम्पस के लगभग 450 ऋणधारकों पर ₹2.50 करोड़ बकाया है। इस तरह कुल बकाया राशि लगभग ₹4.50 करोड़ है।
एकमुश्त भुगतान और किस्तों का विकल्प
राहत वाली बात ये है कि बकायेदारों को एकमुश्त भुगतान के अलावा मासिक किस्तों में ऋण चुकाने का विकल्प भी दिया जा सकता है। हालांकि, निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि प्रशासन का जोर बकाया ऋण की वसूली पर है, ताकि लैम्पस के वित्तीय कामकाज में सुधार हो सके और खाताधारकों को भी राहत मिल सके।


