जमशेदपुर: डिमना चौक से पारडीह चौक के बीच स्थित करीब 13 एकड़ सरकारी जमीन पर खेल मैदान विकसित करने की मांग तेज हो गई है। जन विकास मंच के अध्यक्ष और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु के नेतृत्व में स्थानीय कॉलोनियों और बस्तियों के प्रतिनिधियों ने वसुंधरा एस्टेट पहुंच मार्ग पर सभा कर तीन सूत्री संकल्प पारित किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे स्थित इस जमीन के आसपास कई आवासीय कॉलोनियां और बस्तियां हैं। क्षेत्र में हजारों परिवार रहते हैं, लेकिन बच्चों और युवाओं के खेलने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इस जमीन पर खेल मैदान और अन्य जनसुविधाएं विकसित करना क्षेत्र के लोगों के हित में होगा।

पहले हटाया जाए वर्षों से जमा कचरा
सौरभ विष्णु ने कहा कि जमीन पर वर्षों से जमा कचरे को केवल फैलाकर, दबाकर या जलाकर समस्या का समाधान नहीं किया जाना चाहिए। कचरे को वैज्ञानिक तरीके से हटाने के बाद मिट्टी और जमीन की जांच कराई जाए तथा इसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही भविष्य में इसके उपयोग पर निर्णय लिया जाए।
उन्होंने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की फरवरी 2019 में जारी Guidelines for Disposal of Legacy Waste (Old Municipal Solid Waste) का हवाला देते हुए कहा कि पुराने कचरा स्थलों पर उपयोग संबंधी प्रतिबंधों और सुरक्षा प्रावधानों को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने खेल मैदान, पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास से पहले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का आकलन करने की मांग की।
NGT के आदेश का भी दिया हवाला
स्थानीय प्रतिनिधियों के अनुसार, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने 23 सितंबर 2026 के आदेश में इस जमीन पर नियमों के विरुद्ध कचरा डालने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। लोगों ने आदेश का पूरी तरह पालन कराने और जमीन से कचरा हटाने की मांग की है।


