रांची: राजधानी में स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी, व्यवस्थित और सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने की दिशा में रांची नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। इसी कड़ी में मोरहाबादी स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के पास लगभग 3.26 करोड़ रुपये की लागत से एक एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे आधुनिक वेंडिंग जोन का नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

205 वेंडर्स के लिए होंगी आधुनिक सुविधाएं निरीक्षण के दौरान यह बताया गया कि इस नए वेंडिंग परिसर में सिंगल स्टोरी शेड के तहत लगभग 205 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित रूप से स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा यहां वेंडर्स और आम नागरिकों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, पाथवे, ड्रेनेज, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, लैंडस्केपिंग, विद्युत व्यवस्था और गार्ड रूम जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। निगम का मानना है कि इस पहल से न केवल वेंडर्स को बेहतर कारोबार का अवसर मिलेगा, बल्कि शहर में स्वच्छता, सुगम आवागमन और बेहतर शहरी व्यवस्था भी सुनिश्चित होगी।
तय समय में काम पूरा करने की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले सात दिनों के भीतर बाउंड्री वॉल का कार्य पूरा करने, पेवर ब्लॉक को व्यवस्थित करने तथा ड्रेनेज और पाथवे को बेहतर तरीके से विकसित करने को कहा है। साथ ही, वेंडिंग जोन में प्रवेश और निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा न होने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि इस वेंडिंग जोन का विकास एक दूरदर्शी और समग्र योजना के तहत किया जा रहा है, ताकि यह केवल व्यवसाय का स्थान न बनकर शहर की एक सुव्यवस्थित और आकर्षक पहचान के रूप में उभरे। इस निरीक्षण के दौरान नगर उप आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सहित अन्य सहायक और कनीय अभियंता भी उपस्थित थे।


