दो किशोरों को मारी गई थी गोली
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात पगार गांव के पास दो किशोरों को गोली मारकर घायल करने की सूचना मिली थी। दोनों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई।
टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल लोगों के बारे में अहम जानकारी मिली।
पार्टी के दौरान हुई फायरिंग
पुलिस की जांच में सामने आया कि घायल युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पगार गांव के एक टांड़ पर बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में यह भी सामने आया कि सफाल महतो ने अपने साथी के साथ मिलकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की थी। इसी दौरान उन पर गोली चलाई गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साविन कुमार महतो, अनोज कुमार महतो, शिवलाल कुमार महतो, सफाल महतो और रमेश कुमार महतो के रूप में हुई है। सभी आरोपी केरेडारी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में केरेडारी थाना में कांड संख्या 122/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


