रांची : शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्री राधा रानी राज श्यामा जी का आकर्षक एवं जड़ित आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके पश्चात विधिवत पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन एवं सामूहिक महाआरती का आयोजन होगा।

महोत्सव के अंतर्गत ट्रस्ट की अन्नपूर्णा सेवा के माध्यम से रविवार को श्रद्धालुओं एवं भक्तों के बीच 101 किलो केसरिया खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि शरद पूर्णिमा की रात्रि में खीर के प्रसाद को चंद्रमा की शीतल चांदनी में रखा जाएगा। इसके पश्चात सोमवार, 26 अक्टूबर को प्रातःकाल भगवान को खीर का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शरद पूर्णिमा को धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व प्राप्त है। ऐसी मान्यता है कि इस रात्रि में चंद्रमा अपनी पूर्ण कलाओं के साथ अमृतमयी किरणें बिखेरता है। महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था, भक्ति एवं सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना तथा श्रद्धालुओं के बीच आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।


