चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। एदेलबेड़ा के पास युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बनमालीपुर निवासी डोबरो हेम्ब्रम के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम जोकरो हेम्ब्रम बताया गया है।
फुटबॉल खेलने के बाद लोटा मेला देखने गया था युवक

जानकारी के अनुसार, डोबरो हेम्ब्रम अपनी फुटबॉल टीम के साथ जोलडीहा के जेंतगढ़ में खेलने गया था। फुटबॉल खेलने के बाद वह खुटपानी में आयोजित लोटा मेला देखने पहुंचा। मेला देखने के बाद वह रात में बाइक से अकेले अपने घर लौट रहा था।

देर रात पेड़ से टकराई बाइक
बताया जाता है कि देर रात करीब डेढ़ बजे एदेलबेड़ा के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार को एंबुलेंस की मदद से युवक को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद चक्रधरपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना से मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।


