Dhanbad News : धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के देवली में सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, अनिल कुंभकार और सुभाष कुंभकार घर में होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान देवली में एक टेलर वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अनिल कुंभकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष कुंभकार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। युवक की मौत से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। विरोध के कारण घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां इस हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं।


