JTET 2026: गुमला में परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट! 11 केंद्रों पर 8,061 अभ्यर्थी देंगे इम्तिहान, 30 मिनट पहले बंद होंगे गेट

गुमला में JTET 2026 परीक्षा के लिए प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाई है। 11 केंद्रों पर 8,061 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद होंगे।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
गुमला: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को लेकर गुमला जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। एक नवंबर को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8,061 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी, जबकि प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी।

DC-SP ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

बुधवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो और पुलिस अधीक्षक हारिस बिन ज़मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उर्सलाइन बालिका उच्च विद्यालय, संत अन्ना उच्च विद्यालय पुग्गू, संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय, डॉन बॉस्को स्कूल और संत पैट्रिक उच्च विद्यालय समेत अन्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

दो पालियों में होगी परीक्षा, जानिए पूरा शेड्यूल

जिला प्रशासन के अनुसार, झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC), रांची की ओर से आयोजित परीक्षा दो पालियों में होगी।

  • पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक। कक्षा 6 से 8 के लिए 4,822 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
  • दूसरी पाली: दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक। कक्षा 1 से 5 के लिए 3,239 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

दोनों पालियों में कुल 8,061 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद हो जाएंगे गेट

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर सख्त नियम लागू रहेंगे। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश द्वार बंद कराने की जिम्मेदारी प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी की होगी।

अभ्यर्थियों की नियमानुसार तलाशी ली जाएगी। परीक्षा प्रक्रिया से सीधे जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा अन्य अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

फर्जी प्रश्नपत्र और अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

सोशल मीडिया पर फर्जी प्रश्नपत्र, गलत परीक्षा कार्यक्रम और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन साइबर सेल गठित करेगा। जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संचालन में यह सेल संदिग्ध सूचनाओं की निगरानी और सत्यापन करेगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए जानकारी दी जाएगी।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। फर्जी प्रश्नपत्र या भ्रामक संदेश साझा करने से बचें। परीक्षा की निष्पक्षता और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।