गुप्त सूचना पर गांव में छापेमारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में वारंटियों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान चतरोचट्टी थाना पुलिस को भुनेश्वर तुरी के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके गांव चिदरी, टोला चैलियाटॉड में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
ST 131/2022 मामले में जारी था वारंट
चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त भुनेश्वर तुरी (करीब 25 वर्ष), गिरी तुरी उर्फ गिरधारी तुरी उर्फ गिरिया तुरी का पुत्र है। वह चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चिदरी गांव के चैलियाटॉड टोला का निवासी है। उसके खिलाफ एसटी 131/2022 मामले में वारंट जारी था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक महेश कुमार शर्मा, हवलदार गंगाराम बानरा, हवलदार महेश तामसोय, आरक्षी संख्या 1608 रमेश्वर यादव और चालक नागेन्द्र महतो शामिल थे।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


