रांची: रांची जिला ई-रिक्शा चालक यूनियन के चालक सदस्यों की एक अहम बैठक शुक्रवार 30 अक्टूबर को लाइन टैंक रोड स्थित ड्यूक मेंशन कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिला अध्यक्ष दिनेश सोनी ने की। बैठक में मुख्य रूप से यातायात पुलिस द्वारा ई-रिक्शा चालकों पर किए जा रहे मनमाने चालान पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। चालकों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क पर परिचालन के दौरान अचानक फोटो खींचकर 100 मीटर की दूरी का आरोप लगाते हुए मोबाइल पर भारी-भरकम फाइन भेज दिया जाता है। इससे चालक काफी त्रस्त और परेशान हैं। यूनियन ने इस समस्या के समाधान और चालान बंद कराने के लिए जल्द ही यातायात एसपी से मुलाकात करने का निर्णय लिया है।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि जिला प्रशासन रांची शहर से ई-रिक्शा को हटाने की योजना बना रहा है, जिसे यूनियन पूरी तरह खारिज करती है। उन्होंने मांग की कि परिवहन विभाग जिस प्रकार ऑटो चालकों को परमिट जारी करता है, उसी तर्ज पर ई-रिक्शा चालकों को भी वैध रूट पास दिए जाएं। उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम द्वारा रूट पास जारी न किए जाने से शहर में नए ई-रिक्शा चालकों को परेशानी हो रही है। प्रशासन द्वारा बार-बार बैठकें तो की जाती हैं, लेकिन समाधान कागजों तक ही सीमित रह जाता है।

दिनेश सोनी ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के कई चौक-चौराहों पर लगे लाउडस्पीकर 50 मीटर के दायरे में वाहन खड़ा न करने की चेतावनी देते हैं, जबकि पुलिस 100 मीटर की दूरी का हवाला देकर चालान काट रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और चालकों के बीच असमंजस की स्थिति दूर होनी चाहिए।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के लिए यूनियन की ओर से प्रस्ताव रखे गए है। जिसके तहत सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालक अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म (वर्दी) पहनेंगे। सभी चालकों के गले में पहचान पत्र रहेगा। वाहनों में यात्री किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी। दिनेश सोनी ने कहा कि यूनियन एक पंजीकृत संस्था है और प्रशासनिक अधिकारी भी जिम्मेदार तंत्र का हिस्सा हैं। इसलिए शहर के सुगम संचालन के लिए वे जल्द ही रांची के उपायुक्त, एसपी, यातायात एसपी, परिवहन आयुक्त और नगर निगम के नगर आयुक्त के साथ झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ व जिला ऑटो-ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों की एक संयुक्त बैठक बुलाने की मांग करेंगे। आज के इस कार्यक्रम के दौरान रांची जिला ई-रिक्शा चालक यूनियन में 5 नए चालकों को सदस्यता ग्रहण कराई गई।


