तिरुवनंतपुरम: मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एमवी गोविंदन ने मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार ममूटी के खिलाफ कथित वामपंथी साइबर हैंडल से किए जा रहे ऑनलाइन हमलों से पार्टी को अलग करते हुए कहा कि वरिष्ठ अभिनेता को निशाना बनाने में माकपा की न तो कोई भूमिका है और न ही कोई दिलचस्पी। ममूटी की ऑनलाइन आलोचना से जुड़े सवालों पर गोविंदन ने कहा कि पार्टी ने कभी भी इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देने का फैसला नहीं किया है। माकपा किसी के खिलाफ सुनियोजित हमले करने में विश्वास नहीं करती।

उन्होंने कहा, ”ममूटी मलयालम के दिग्गज अभिनेता हैं और दुनियाभर में पहचाने जाते हैं। हो सकता है कि उन्होंने कुछ मुद्दों पर आलोचना की हो, लेकिन हम उनकी आलोचना को रचनात्मक रूप से लेते हैं। पार्टी सहमत और असहमत, दोनों तरह के लोगों के साथ संवाद में विश्वास करती है। हम किसी के खिलाफ एकजुट होकर हमला करने की नीति में विश्वास नहीं करते।”

गोविंदन ममूटी के खिलाफ कथित साइबर उत्पीड़न और हाल ही में अभिनेता के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) तथा डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के नेताओं को ऑनलाइन निशाना बनाए जाने संबंधी खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रतिनिधि राजनीतिक संबद्धता से परे समाज के सभी वर्गों के लोगों से संपर्क करेंगे।
ममूटी को आमतौर पर माकपा का समर्थक माना जाता है। हालांकि, इस साल मार्च में भी उन्हें कथित वामपंथी रुझान वाले साइबर हैंडल से आलोचना का सामना करना पड़ा था। यह विवाद उन खबरों के बाद शुरू हुआ था, जिनमें दावा किया गया था कि वायनाड भूस्खलन पीड़ितों के लिए नवनिर्मित टाउनशिप के निजी दौरे के दौरान अभिनेता ने माकपा के वायनाड जिला सचिव के. रफीक के उनके साथ आने पर नाराजगी जताई थी।


