मौर्य एक्सप्रेस से उतरते ही RPF की नजर में आए दो युवक, बैग की तलाशी में मिली 32 बोतल शराब

रांची रेलवे स्टेशन पर 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत RPF ने मौर्य एक्सप्रेस से 32 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
रांची: रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन SATARK’ के तहत RPF रांची ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर 32 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 45,620 रुपये बताई गई है।

मौर्य एक्सप्रेस में जांच के दौरान पकड़े गए युवक

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में रांची रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। शाम करीब 5:15 बजे ट्रेन संख्या 15027 मौर्य एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची। इसके बाद RPF पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम की संयुक्त टीम ने ट्रेन के कोचों की जांच शुरू की।

इसी दौरान दो युवक बैग में भारी सामान लेकर संदिग्ध अवस्था में मिले। टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की और बैग की तलाशी ली। तलाशी में कुल 32 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

तीन ब्रांड की 24 लीटर शराब जब्त

RPF के अनुसार, बरामद शराब में 100 पाइपर्स डीलक्स व्हिस्की की 11 बोतल, सिग्नेचर व्हिस्की की 8 बोतल और ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 13 बोतल शामिल हैं। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की थीं। इस तरह कुल 24 लीटर शराब जब्त की गई।

पूछताछ के दौरान दोनों युवक शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद RPF के एसआई बसंत मलिक ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार युवकों की पहचान संतोष कुमार (22 वर्ष), निवासी तिलरथ, थाना बरौनी, जिला बेगूसराय और सएवर्श कुमार (25 वर्ष), निवासी पंसारा, थाना नावकोठी, जिला बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है।

दोनों को जब्त शराब के साथ RPF पोस्ट रांची लाया गया। आवश्यक गिरफ्तारी और जब्ती संबंधी दस्तावेज तैयार करने के बाद दोनों युवकों और शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची को सौंपा जाएगा।

अवैध शराब के परिवहन पर जारी रहेगी निगरानी

RPF रांची के अनुसार, ‘ऑपरेशन SATARK’ के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध शराब की तस्करी तथा परिवहन रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल ने ऐसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सतर्कता और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।