रांची: नगर एवं आवास विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने रांची की नई शहरी पेयजल आपूर्ति योजना का काम जल्द पूरा कराने का निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिया है। उन्होंने शुक्रवार को विभागीय कार्यालय में पेयजल आपूर्ति योजनाओं से जुड़ी राज्य स्तरीय समीक्षा में यह निर्देश जारी किया।

प्रधान सचिव ने बताया कि रांची में पेयजल आपूर्ति योजना से संबंधित 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरे हो चुके हैं। वर्तमान में सिर्फ रिंग रोड से पिस्का मोड़ तक 10 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाई जानी बाकी है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सड़क कटिंग एवं पुनर्निर्माण की लागत के रूप में 32 करोड़ रुपये शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा, एजेंसी एनसीसी को रुक्का से तिलता चौक के बीच बची 400 मीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाने का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

प्रधान सचिव सुनील कुमार को बताया गया कि एनएचएआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद सड़क काटकर पाइप बिछाने और सड़क को पुराने स्वरूप में लाने में छह माह का समय लगेगा। इसके बाद पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। प्रधान सचिव ने स्पष्ट किया कि एजेंसियों की किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रुक्का में जल शोधन संयंत्र (डब्लूटीपी) बनकर तैयार है, और बिजली विभाग से संपर्क कर जल्द बिजली कनेक्शन लेने का काम पूरा करने व पोल शिफ्टिंग का काम भी शुरू हो चुका है। 400 मीटर पाइपलाइन बिछने और अप्रैल 2027 तक 360 एमएलडी के ईठीक वेल एवं जल शोधन संयंत्र के बन जाने पर नए सराय लाइन से 15,000 आवासों तक पानी पहुंचाना संभव हो सकेगा। अब तक शहर में लगभग 1,100 किलोमीटर पाइपलाइन बिछ चुकी है और 55,000 आवासों को हाउस कनेक्शन भी दिया जा चुका है।


