रांची : डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय के ब्लॉक-ए में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के 16 सेवानिवृत्त शिक्षक और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। डीसी ने बताया कि रांची में शिक्षक सम्मान सह सेवानिवृत्ति दरबार लगातार 22 महीनों से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के सभी लाभ संबंधित कर्मियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सेवानिवृत्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने शिक्षकों से अपने अनुभवों का लाभ समाज और युवा पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही युवाओं में मोबाइल के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए उन्हें जागरूक करने का आग्रह किया। समारोह में एसडीओ कुमार रजत, जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



