न्याय मांगने थाने पहुंची थी महिला
सीमा सिंह ने कहा कि पीड़ित महिला पारिवारिक विवाद के मामले में न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची थी। भय के कारण वह रात में थाने में रुकी हुई थी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश किए जाने का आरोप सामने आया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाएं पुलिस थाने के भीतर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? उन्होंने इस घटना को पुलिस व्यवस्था और महिला सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
सरकार से की उच्चस्तरीय जांच की मांग
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने दावा किया कि राज्य में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार से आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सीमा सिंह ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। सरकार को मामले की लीपापोती करने के बजाय पूरी सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए।
पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
सीमा सिंह ने पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को कानून के अनुसार सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने महिलाओं के लिए न्याय और सुरक्षा का स्थान होने चाहिए। ऐसे में थाने के भीतर इस तरह के गंभीर आरोप सामने आना चिंताजनक है।


