गांधी संस्थान की इमारत में स्किल इंडिया सेंटर खोलना मूल परिकल्पना के खिलाफ: गहलोत

अशोक गहलोत ने जयपुर के महात्मा गांधी संस्थान में स्किल इंडिया सेंटर खोलने पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने इसे संस्थान की मूल परिकल्पना और गांधीवादी विचारों के खिलाफ बताया।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जयपुर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंसेज की इमारत के दो तल में स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर शुरू किए जाने पर आपत्ति जताते हुए राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर संस्थान की मूल परिकल्पना को बर्बाद करने का आरोप लगाया है।

गहलोत ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमारी कांग्रेस सरकार ने टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई और पुणे के एमआईटी स्कूल ऑफ गवर्नेंस की तर्ज पर महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंसेज, जयपुर की स्थापना की थी, ताकि प्रदेश के युवाओं को उच्च अध्ययन, शोध और प्रशिक्षण का अवसर मिले।’’

उन्होंने कहा कि इस संस्थान की भव्य इमारत कॉमर्स कॉलेज के सामने जेएलएन मार्ग, जयपुर में तीन साल से बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तीन साल होने को हैं, लेकिन वह इस संस्थान को शुरू नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि ‘‘और अब इसी संस्थान के दो तल में स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर का उद्घाटन किया जा रहा है। यह महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट की परिकल्पना को बर्बाद करने वाला कदम है। यदि सरकार स्किल इंडिया का सेंटर खोलना चाहती थी, तो उसे किसी दूसरी इमारत में खोल सकती थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विडंबना देखिए कि चौधरी चरण सिंह जी गांधी जी के सिपाही थे। उन्होंने नमक सत्याग्रह में जेल काटी और भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लिया। उन्हीं के पोते केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी आज गांधी जी के नाम पर बने संस्थान की जगह में इस सेंटर का उद्घाटन कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि यह गांधी जी के विचारों को रोकने का कुत्सित प्रयास है और इस सरकार की गांधी विरोधी सोच का परिचायक है एवं यह बेहद निंदनीय है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।