Palamu Cattle Smuggling : झारखंड के पलामू जिले से कथित गोवंशीय पशु तस्करी का मामला सामने आया है। विश्रामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप से 10 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। इस दौरान वाहन चालक को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पिकअप और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चालक की पहचान बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी 24 वर्षीय गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम कृष्णबल्लभ सिंह बताया गया है।

पुलिस ने इस मामले में विश्रामपुर थाना कांड संख्या 87/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5)/3(5), झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 12/13 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 गोवंशीय पशुओं के अलावा सफेद रंग का बोलेरो पिकअप भी जब्त किया है। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR44GA5566 बताया गया है। इसके साथ ही वीवो कंपनी का नीले रंग का टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
इस कार्रवाई में परिवीक्षाधीन पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार दुबे, सहायक अवर निरीक्षक नरसिंह उरांव और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अब पुलिस जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि बरामद पशुओं को कहां ले जाया जा रहा था और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।


