ज्ञानेश कुमार पद से हटेंगे और जेल जाएंगे, मोदी-शाह के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने दिल्ली की वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने चुनावी धांधली के आरोप लगाए।

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘‘देशद्रोह’’ के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और शाह के सामने खड़ा होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने देश की आत्मा और लोकतंत्र पर हमला किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश भेजना था, वह जनता ने यहां से भेज दिया है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। यह आवाज कह रही है कि हम संविधान और लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।’’ उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा के विधानसभा चुनावों तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित धांधली का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जो कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्ष के बीच मतों का अंतर केवल तीनप्रतिशत था और अब निर्वाचन आयोग की बात से यह साबित हो गया है कि वह चुनाव ‘चोरी का चुनाव और अवैध चुनाव’ था। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के बिना इस बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते।

उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई सामान्य चोरी नहीं है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है, हर नागरिक की अभिव्यक्ति की चोरी है। इसे कानूनी भाषा में दुर्लभतम मामला कहते हैं, इसे देशद्रोह कहते हैं।’’ गांधी ने आरोप लगाया कि देश का सारा धन उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी के हाथों में जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां केवल दो-तीन लोगों के हितों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा, ‘‘ देश को पटरी पर लाने के लिए पहला कदम ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करना है। इसके बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सामने खड़ा होगा।’’

राहुल गांधी ने कहा कि अदाणी को देश बेचने के आरोपों को लेकर भी मोदी तथा शाह से जवाब मांगा जाएगा और उसको लेकर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह बचकर नहीं भाग सकते और देश उनसे न्याय मांगेगा।कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘शिव की बारात’ में कोई भी शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे भारत की कल्पना करते हैं, जहां किसानों को उनकी मेहनत का फल मिले, छात्रों को रोजगार और उनकी मेहनत का उचित परिणाम मिले।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।