नई दिल्ली: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को लेकर एक अहम प्रशासनिक बदलाव हुआ है। 1993 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी संजय सिंघल ने 1 नवंबर को ITBP के महानिदेशक (DG) का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी संजय सिंघल ने नई दिल्ली स्थित ITBP मुख्यालय में औपचारिक रूप से यह जिम्मेदारी ग्रहण की।
पदभार संभालने के बाद संजय सिंघल ने बल मुख्यालय परिसर में आयोजित समारोह में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली। इस दौरान ITBP के अतिरिक्त महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत-चीन सीमा की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है ITBP
गौरतलब है कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस देश के प्रमुख केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में शामिल है। ITBP की तैनाती भारत-चीन सीमा पर होती है, जहां जवान बेहद कठिन और ऊंचाई वाले हिमाच्छादित क्षेत्रों में देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हैं।

संजय सिंघल के पास पुलिसिंग और प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव है। ऐसे में उनके अनुभव से बल के संचालन और रणनीतिक प्रबंधन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


