रांची : दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की रांची शाखा की ओर से श्री दिगंबर जैन भवन में भव्य दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 500 से अधिक चार्टर्ड एकाउंटेंट्स एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली प्रेम, खुशियों, सौहार्द और एकता का पर्व है। ICAI रांची शाखा व्यावसायिक विकास के साथ सदस्यों के पारिवारिक जुड़ाव को भी प्राथमिकता देती है।

समारोह में बच्चों एवं बड़ों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लाइव गायन की प्रस्तुति हुई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मौके पर पूर्व अध्यक्षों सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष सीए हरेंद्र भारती एवं कार्यकारिणी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



