भाजपा ने कोलार में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली

कर्नाटक के कोलार में भाजपा ने एसआईआर विवाद को लेकर कांग्रेस के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। मार्च में येदियुरप्पा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलार: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का राजनीतिकरण करने तथा युवाओं को टकराव के लिए भड़काने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक के कोलार में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा यहां डूम लाइट सर्कल से शुरू हुई। उसमें शामिल लोगों के हाथों में राष्ट्रध्वज थे। कर्नाटक के पार्टी मामलों के प्रभारी भाजपा महासचिव हरीश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बी. वाई. विजयेंद्र, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक, विधानपरिषद में विपक्ष के नेता चलावादी नारायणस्वामी और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा समेत कई नेताओं ने इस मार्च में भाग लिया।

यह मार्च कर्नाटक में भाजपा के माह भर चलने वाले अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘विमर्श’ का जवाब देना है। विजयेंद्र ने आज यहां जनसभा में आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लगातार बनी हुई लोकप्रियता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा,‘‘राहुल गांधी हताश हैं। लोकसभा चुनावों में बार-बार, इस देश की जनता ने, खासकर राजनीतिक रूप से जागरूक मतदाताओं ने, नरेन्द्र मोदी को अपना समर्थन दिया है। राहुल गांधी इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। यही वजह है कि वह हर दिन जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वह पूरे देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस को एसआईआर प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है। उसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों पर भी भरोसा नहीं है। यहां तक कि उसे उच्चतम न्यायालय पर भी यकीन नहीं है। यह पार्टी संवैधानिक संस्थाओं को लेकर संदेह पैदा कर रही है।’’

नयी दिल्ली में हाल में हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए, विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व भारत में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल और फ्रांस में हुआ था। उन्होंने दावा किया कि ये ताकतें चुनावी जनादेश के बावजूद भाजपा को सत्ता से हटाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ पदयात्रा का आयोजन लोगों के बीच भाजपा ‘राष्ट्र-विरोधी ताकतों’ के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुधवार को चित्रदुर्ग में और पूरे कर्नाटक के सभी जिला मुख्यालयों पर भी इसी तरह के मार्च निकाले जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा नीत राजग कर्नाटक में सत्ता में लौटेगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।