गोड्डा (झारखंड): झारखंड के गोड्डा जिले में बृहस्पतिवार सुबह 12 वर्षीय एक लड़की का सिर कटा शव उसके घर के बाहर मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सघन तलाशी अभियान के बाद लड़की के घर से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत से उसका कटा हुआ सिर बरामद किया गया। यह घटना लालमटिया थाना क्षेत्र के डडुआ गांव में हुई।
अधिकारी के अनुसार, यह बच्ची बुधवार रात जब अपने माता-पिता के साथ सो रही थी तभी कुछ अज्ञात लोग घर में घुस आए और कथित तौर पर उसे अपने साथ ले गए।

लालमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार ने कहा, ‘‘लड़की के माता-पिता और ग्रामीणों को आज सुबह घर के बाहर उसका सिर कटा शव मिला। बाद में, तलाशी अभियान के दौरान गांव के ही एक खेत से उसका सिर बरामद किया गया।’’
उन्होंने बताया कि अपराधियों ने एक धारदार हथियार का इस्तेमाल करके लड़की का सिर धड़ से अलग किया है।
कुमार ने कहा, ‘‘हत्या का कारण पता करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।’’
उन्होंने कहा कि वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि माता-पिता घर पर होने के बावजूद वे लड़की को ले जाने में कैसे कामयाब रहे?


