भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को चक्रवात ‘अर्नब’ और उसके बाद तीन दक्षिणी जिलों में आई बाढ़ के असर को देखते हुए, केंद्रीय सहायता के रूप में 2,526 करोड़ रुपये की मांग की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य सरकार ने राज्य में चक्रवातों और बाढ़ के असर को कम करने और इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए 10,000 करोड़ रुपये की विशेष सहायता की मांग की है। यह जानकारी विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश पी. पाटिल ने पत्रकारों को दी। उन्होंने यह बात केंद्रीय टीम के साथ बैठक के बाद कही, जो राज्य के गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में चक्रवात ‘अर्नब’ और उसके बाद आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने आई थी।



