रांची: धनतेरस और दीपावली के मौके पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रांची में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर में 6 से 9 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस दौरान प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मंदिरों के आसपास ट्रैफिक पुलिस की खास नजर रहेगी। ऐसे में अगर आप खरीदारी या किसी दूसरे काम से घर से बाहर निकलने वाले हैं, तो पहले बदले हुए ट्रैफिक नियमों की जानकारी जरूर ले लें। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत चर्च रोड में तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। जरूरत पड़ने पर इस मार्ग पर वन-वे व्यवस्था भी लागू की जाएगी।

इन इलाकों में रहेगी ट्रैफिक पुलिस की विशेष नजर
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अपर बाजार, काली मंदिर रोड, सुजाता चौक, लालपुर चौक और सर्जना चौक के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर यातायात के दबाव को देखते हुए जरूरत के मुताबिक वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

धनतेरस पर खरीदारी करने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
धनतेरस के दिन बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को वाहन पार्क करने में परेशानी न हो, इसके लिए भी इंतजाम किए गए हैं। जिला स्कूल मैदान, रांची विश्वविद्यालय परिसर और वेंडर मार्केट के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लोगों से अपील है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
दीपावली पर मंदिरों के पास तैनात रहेंगे विशेष ट्रैफिक जवान
दीपावली के दिन रांची के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक एसपी ने मंदिरों के आसपास विशेष ट्रैफिक जवानों की तैनाती की है। इसका उद्देश्य मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जाम और यातायात संबंधी परेशानियों से बचाना है। ट्रैफिक पुलिस ने त्योहार के दौरान लोगों की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है।


