पाकिस्तान के पंजाब में बस-ट्रक की भीषण टक्कर में 12 की मौत, 30 से अधिक घायल

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 12 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए। पांच की हालत गंभीर है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बृहस्पतिवार शाम एक यात्री बस और ट्रक की भिड़ंत में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक अन्य घायल हो गए। बचाव विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह हादसा लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर पाकपट्टन में देपालपुर रोड पर हुआ। पंजाब आपातकालीन एवं बचाव सेवा (रेस्क्यू 1122) के अनुसार, यात्री बस पंजाब के साहीवाल जिले से कसूर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। बचाव विभाग ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई। हादसे में घायल यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचावकर्मियों को विशेष कटर की मदद से बस की लोहे की सीटों और अन्य हिस्सों को काटना पड़ा।

‘रेस्क्यू 1122’ ने बताया, ”हादसे में 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में शामिल 32 लोगों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।” विभाग ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि हादसा एकल सड़क मार्ग पर बस चालक द्वारा तेज गति से वाहन चलाने के कारण हुआ। ‘रेस्क्यू 1122’ के मुताबिक, मृतकों में एक पुलिसकर्मी और एक सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं। बचाव दलों को घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाने में तीन घंटे से अधिक समय लगा। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने बस हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।