सरायकेला-खरसावां : जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गुप्ता ऑटोमोबाइल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के ठीक सामने एक हाईवा के टायरों में अचानक आग लग गई। जानकारी के मुताबिक, हाईवा कांड्रा से सरायकेला की ओर जा रहा था। लगातार चलने के कारण उसके टायर गर्म हो गए थे और इसी दौरान उनमें आग लग गई। पेट्रोल पंप के बेहद करीब आग लगने से बड़ा खतरा पैदा हो गया था।

हालात की गंभीरता को समझते हुए पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से आग पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची और संभावित बड़ा हादसा टल गया। इस घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों में अग्नि सुरक्षा और नियमित जांच की जरूरत को उजागर किया है।



