उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण करीब एक सप्ताह पहले लापता हुए आठ पर्वतारोहियों (ट्रेकर) में से सात के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से मिली जानकारी के अनुसार, केदारताल ट्रैकिंग क्षेत्र में आधार शिविर बनाकर तलाशी अभियान चला रहे राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की 10 सदस्यीय पर्वतीय बचाव टीम (एमआरटी) को बृहस्पतिवार को तीन शव मिले। इससे पहले, टीम को मंगलवार और बुधवार को चार शव मिले थे।



