Koderma News : झारखंड के कोडरमा में अवैध पशु व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई में 6 ट्रकों से कुल 48 मवेशियों को बरामद किया गया है। वहीं, 5 ट्रक चालकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
दरअसल, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बड़े वाहनों में मवेशियों को अवैध रूप से लोड कर कोलकाता ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही एसपी ने पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुभाष चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान पुलिस ने मवेशियों से लदे 6 ट्रकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान इन ट्रकों से कुल 48 मवेशी बरामद किए गए।
पूछताछ में हिरासत में लिए गए चालकों ने बताया कि वे बिहार के काराकाट से मवेशियों को लेकर कोडरमा के रास्ते पश्चिम बंगाल जा रहे थे।
फिलहाल सभी 48 मवेशियों को झुमरी तिलैया स्थित गौशाला में रखा गया है। पुलिस पशुओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए चालकों से पूछताछ जारी है।


