

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित चुलाई शराब की एक भट्टी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मौके से 50 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जबकि करीब 600 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया।
दरअसल, जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए डीसी के निर्देश पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में विभाग की टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र के पुरीयारा गांव में छापेमारी की।
इस दौरान टीम ने अवैध तरीके से चलाई जा रही शराब की भट्टी का खुलासा किया। पुलिस और उत्पाद विभाग की कार्रवाई में भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही 50 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब जब्त की गई और करीब 600 किलो जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
हालांकि, छापेमारी दल को देखते ही भट्टी का संचालक मौके से फरार हो गया। मामले में भट्टी संचालक अरुण गोप के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं, उत्पाद अधीक्षक ने साफ कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


