

Chatra News: झारखंड के चतरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने अपराधियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने आपराधिक वारदात की योजना बना रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। इनके पास से देसी कट्टा, पिस्टल और जिंदा कारतूस समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।
दरअसल, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में कुछ युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीति तैयार की और जिले के अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी शुरू कर दी।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मुकेश कुमार, नीतीश कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, एक पिस्टल, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और 3 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। मुकेश कुमार के खिलाफ कुंदा, प्रतापपुर, लावालौंग और मनातू थानों में कई मामले दर्ज हैं। वहीं, नीतीश कुमार के खिलाफ भी सदर थाना में मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


