निशा भगत मामले में न्याय की मांग तेज, 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का आह्वान

दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय और सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा एसटी मोर्चा ने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
रांची: दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने आंदोलन की घोषणा की है। मोर्चा की ओर से 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद बुलाया गया है। आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए 10 और 17 नवंबर को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं, 11 नवंबर को आदिवासी महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा।

सीबीआई जांच की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन

भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि निशा भगत का मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मांग की कि मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उनका कहना है कि जब तक इन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

सन्नी टोप्पो के मुताबिक, 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस आयोजित किया जाएगा।

आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया

पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले में निष्पक्षता बनाए रखने और किसी भी तरह की पक्षपात की आशंका दूर करने के लिए सीबीआई जांच की जरूरत बताई।

वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आंदोलन में भाग लेने की अपील की।

सात नवंबर को भी हुआ था प्रदर्शन

सन्नी टोप्पो ने बताया कि इससे पहले सात नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया था। इस दौरान भी निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई थी।

भाजपा एसटी मोर्चा के नेताओं ने 18 नवंबर को प्रस्तावित बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत समेत अन्य नेता मौजूद थे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।