निशा भगत सुसाइड केस: NCST ने दिखाई सख्ती, मुख्य सचिव, DGP और रांची SSP को नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

निशा भगत की कथित आत्महत्या के मामले में NCST ने झारखंड के मुख्य सचिव, DGP और रांची SSP को नोटिस जारी किया है। आयोग ने सात दिनों में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की कथित आत्महत्या के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए झारखंड के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। तीनों अधिकारियों से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी गई है। आयोग ने मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर इस मामले का संज्ञान लिया है। नोटिस में कहा गया है कि आयोग ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 338A के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए मामले की जांच और पड़ताल करने का फैसला किया है।

आयोग ने तीनों अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर मामले से जुड़े आरोपों, तथ्यों और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं। अधिकारी डाक, व्यक्तिगत रूप से या किसी अन्य संचार माध्यम के जरिए अपना जवाब आयोग को भेज सकते हैं।

जवाब नहीं दिया तो अधिकारियों को जारी हो सकता है समन

NCST ने नोटिस में साफ किया है कि तय समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर आयोग संविधान के अनुच्छेद 338A के तहत दीवानी न्यायालय को प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल कर सकता है। ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारियों को आयोग के सामने व्यक्तिगत रूप से या अपने प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित होने के लिए समन जारी किया जा सकता है। अब देखना होगा कि आयोग के नोटिस पर राज्य के अधिकारी क्या जवाब देते हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।