Ranchi News: तमाड़ में हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, कांग्रेस महतो हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार

News Aroma Desk
3 Min Read
Ranchi News: तमाड़ में हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, कांग्रेस महतो हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी में कांग्रेस महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में तमाड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पूरे मामले का खुलासा बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश ने प्रेस वार्ता के दौरान किया.

हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि रविवार को तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी शराब दुकान के समीप दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान कांग्रेस महतो नामक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

Ranchi News: सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह गांव से चार आरोपियों बिट्टू गुप्ता, टिंकू दास, गुरुपदो मुंडा और निखिल भूमिज को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

कार का हॉर्न बजाने पर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मृतक कांग्रेस महतो समेत चार लोग सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान आरोपी कार से वहां पहुंचे और रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया. बावजूद इसके सड़क पर बैठे लोग नहीं हटे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई. विवाद के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद फिर से मारपीट हुई. इसी दौरान कांग्रेस महतो पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

Ranchi News: दो फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी

इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Share This Article