चंडीगढ़: पंजाब के संगरूर जिले में बुधवार सुबह एक बस फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई, जिससे तीन यात्रियों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब सरकारी पेप्सू रोड परिवहन निगम (पीआरटीसी) की बस संगरूर जिले के धूरी से चंडीगढ़ जा रही थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घायल 24 यात्रियों में से 15 को पटियाला के एक अस्पताल में भेजा गया है, जबकि बाकी को संगरूर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।

मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘संगरूर में पीआरटीसी बस के साथ हुए भीषण हादसे की खबर बेहद दुखद है। इस दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई है और 24 घायलों में से 15 को पटियाला भेजा गया है। प्रशासन को सभी प्रभावित लोगों का मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं।’
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय इंदर सिंगला ने भी यात्रियों की मौत पर दुख जताया।
पूर्व मंत्री सिंगला ने पटियाला के राजिंदरा अस्पताल और अमर अस्पताल का दौरा कर घायलों का हालचाल जाना।
सिंगला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डॉक्टरों से बातचीत के दौरान घायलों की स्थिति और उन्हें दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी मिली। घायलों के इलाज और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जानी चाहिए। चिकित्सा दल से प्रत्येक मरीज को बेहतर से बेहतर इलाज और देखभाल उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। वाहेगुरु जी सभी घायलों को जल्द और पूरी तरह स्वस्थ करें तथा इस कठिन समय में उनके परिवारों को हिम्मत दें।’’


