

इस दौरान टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी ने ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध अफीम की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आर्थिक लालच में इस गैरकानूनी कारोबार से जुड़ जाते हैं, जिसका परिणाम उन्हें गंभीर कानूनी कार्रवाई के रूप में भुगतना पड़ सकता है।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और अपने गांव को नशामुक्त बनाने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आसपास कहीं अवैध अफीम की खेती की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस की ओर से अभियान के तहत गांव के सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए। साथ ही ग्रामीणों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अवैध खेती के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध अफीम की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर टेबो थाना के पुलिस जवान भी मौजूद रहे।


